महावीर मन्दिर में मनायी गयी देवोत्थान एकादशी

पटना जंक्शन स्थित प्रसिद्ध महावीर मन्दिर में अन्य वर्षों की भाँति देवोत्थान एकादशी का पर्व मनाया गया। सन्ध्या 6 बजे मन्दिर के पूर्व-दक्षिण कोण पर स्थित भगवान् विष्णु के विग्रह के सामने पूजा सम्पन्न हुई। महावीर मन्दिर के मुख्य पुरोहित पंडित जटेश झा ने आचार्य किशोर कुणाल की उपस्थिति में पूजन किया। इस अवसर अनेक व्रतियों और भक्तों ने भाग लिया।
महावीर मन्दिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि कार्तिक शुक्ल एकादशी के दिन देवोत्थान एकादशी या हरिबोधिनी या प्रबोधिनी एकादशी मनायी जाती है। मान्यता के अनुसार आषाढ़ शुक्ल एकादशी को हरिशयनी एकादशी के दिन भगवान् विष्णु क्षीरसागर में शयन हेतु चले जाते हैं। इस बीच के चार मास को चातुर्मास्य कहा जाता है। प्राचीन काल में चातुर्मास्य के इन दिनों में यात्रा करना निषिद्ध माना जाता था।
इसी चातुर्मास्य का अन्त कार्तिक शुक्ल एकादशी के दिन होता है। इस दिन तुलसी के वृक्ष के समीप लक्ष्मी के साथ भगवान् विष्णु की पूजा सन्ध्याकाल में की जाती है। इस पूजा में नैवेद्य के रूप में अथवा किसी भी प्रकार से अन्न का व्यवहार नहीं होता है, केवल फल-मूल-कन्द अर्पित किया जाता है। यहाँ तक कि भगवान् को तिल भी इस पूजा में अर्पित नहीं किया जाता है।
पूजा के बाद पूजा के सहित पूरी चौकी अथवा पीढ़ा को व्रत करनेवाले लोग मिलकर निम्नलिखित मन्त्र को पढ़ते हुए तीन बार उठाते हैं।
देवोत्थान एकादशी मन्त्र इस प्रकार है-
ॐ ब्रह्मेन्द्ररुद्रैरभिवन्द्यमानो भवानृषिर्वन्दितवन्दनीय:।
प्राप्ता तवेयं किल कौमुदाख्या जागृष्व जागृष्व च लोकनाथ ॥
मेघा गता निर्मलपूर्णचन्द्रशारद्यपुष्पाणि मनोहराणि ।
अहं ददानीति च पुण्यहेतोर्जागृष्व जागृष्व च लोकनाथ ॥
उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द त्यज निद्रां जगत्पते।
त्वया चोत्थीयमानेन प्रोत्थितं भुवनत्रयम्॥
ॐ नमो भगवते वासुदेवाय।।
पूजा के बाद अपनी अपनी स्थानीय परम्परा के अनुसार लोग भजन-गायन-कीर्तन आदि करते हुए रात्रि जागरण करते हैं और प्रातःकाल नित्यकर्म कर तुलसीदल से पारणा करते हैं।
इसके अगले दिन अर्थात् द्वादशी तिथि को तुलसी विवाह का आयोजन भी भारत के अनेक हिस्से में होता है।
























महावीर मन्दिर, पटना “सुरक्षा गार्ड” के पद के लिए योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित करता है
Mahavir Institute of Gastroenterology requires qualified dedicated Gastroenterologist (DM)
Recruitment for the post of Doctors and other staff at Vishal Nath Aspatal, Konhara Ghat Hajipur.
महावीर मन्दिर, पटना “सुरक्षा गार्ड” के पद के लिए योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित करता है
Online Application-Mahavir Mandir Patna